

जमानिया। क्षेत्र के बड़ेसर स्थित एस आर एस इंटरनेशनल स्कूल में मंगलवार को विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इसमें स्कूली छात्र-छात्राओं ने विज्ञान के चमत्कारों को मॉडल के रूप में प्रदर्शित कर अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का लोहा मनवाया।


चंद्रयान और एआई रोबोट रहे आकर्षण का केंद्र प्रदर्शनी में नन्हे वैज्ञानिकों ने चंद्रयान-3, वर्किंग माइक्रोस्कोप, ज्वालामुखी, विंडमिल, एआई रोबोट और हाइड्रोलिक ब्रिज जैसे आकर्षक मॉडल पेश किए। इसके अलावा जल संरक्षण का संदेश देते ‘रेन वाटर हार्वेस्टिंग’ और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देते ‘सोलर सिस्टम’ के मॉडलों को अभिभावकों और शिक्षकों ने खूब सराहा। बच्चों ने इन मॉडलों के जरिए बताया कि विज्ञान किस तरह हमारे भविष्य को बदल सकता है। प्रतिभा निखारने का मंच है ऐसी प्रदर्शनी:

इस अवसर पर स्कूल के प्रबंधक उज्जवल कुमार सिंह ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रदर्शनियों से छात्रों में छिपी हुई प्रतिभा बाहर आती है और उनमें अन्वेषण की प्रवृत्ति विकसित होती है

। प्रधानाचार्य पूजा पाण्डेय ने कहा कि किताबी ज्ञान को धरातल पर उतारने के लिए प्रायोगिक गतिविधियां बेहद जरूरी हैं। आज का युग विज्ञान का युग है और हमारे छात्र भविष्य के वैज्ञानिक बनने की दिशा में अग्रसर हैं। कार्यक्रम के दौरान अश्वनी, रोहित, आकाश, अनुराग , सहित स्कूल का समस्त स्टाफ मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावकों ने भी बच्चों के मॉडल को देखकर उनकी मेहनत की सराहना की।



