

जमानिया। गंगा नदी का जलस्तर बीते तीन दिनों में करीब तीन फीट की वृद्धि दर्ज की गई है। रविवार शाम तीन बजे तक गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से मात्र तीन सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया, और यह हर घंटे एक सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है। लगातार बढ़ते जलस्तर ने प्रशासन और ग्रामीणों दोनों की चिंता बढ़ा दी है।
गंगा नदी के किनारे बसे कालनपुर, सबलपुर खुर्द व कला, मतसा बाढ़, देवरिया, मलसा, खावपुरा, पासैयदराजा, सरैया, देवा बैरनपुर, घाटनपुर, बैकुंठपुर, गेरुआ मकसूदपुर, भगीरथपुर जैसे गांवों की सिवानों में सैकड़ों बीघा फसलें जलमग्न हो चुकी हैं। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए देवरिया पुलिस चौकी भी पानी से घिर गई है। हालात को देखते हुए पुलिस चौकी को देवा बैरनपुर स्थित पतंजलि विद्यापीठ में अस्थायी रूप से स्थानांतरित कर दिया गया है। प्रशासन की टीम लगातार गंगा घाटों की निगरानी कर रही है, वहीं संभावित खतरे को देखते हुए राजस्व विभाग को अलर्ट कर दिया गया है। उपजिलाधिकारी और तहसील प्रशासन द्वारा बाढ़ संभावित गांवों का निरीक्षण किया जा चुका है और आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। स्थानीय ग्रामीणों में बाढ़ को लेकर भारी चिंता व्याप्त है, क्योंकि पहले ही सैकड़ों बीघा फसल पानी में डूब चुकी है और जलस्तर का बढ़ना लगातार जारी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाने की मांग की है।



