
जमानियां। स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, के प्रांगण से आज शासन के निर्देशानुसार एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह की अगुवाई में स्टेशन बाजार से मदनपुरा तक निकाली गई, जिसमें देशभक्ति का उत्साह और जोश पूरे क्षेत्र में देखने को मिला। इस आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसने पूरे माहौल को राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना से सराबोर कर दिया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ महाविद्यालय प्रांगण में प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर और भारत माता के जयघोष के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रो. सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारी एकता, अखंडता और स्वतंत्रता का प्रतीक है। यह यात्रा न केवल हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का अवसर है, बल्कि युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को जागृत करने का भी एक माध्यम है।” उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे देश के विकास और एकता के लिए हमेशा समर्पित रहें।
यात्रा में महाविद्यालय के वरिष्ठ आचार्य प्रो. अखिलेश शर्मा शास्त्री, आईक्यूएसी प्रभारी प्रो. अरुण कुमार, डॉ शुभ्रा सिंह,कैप्टन अंगद प्रसाद तिवारी, डॉ जितेन्द्र कुमार सिंह, डॉ ओमप्रकाश लाल श्रीवास्तव,डॉ. अखिलेश जायसवाल, डॉ. लालचंद पाल, डॉ. रामलखन यादव, डॉ सुनील चौधरी, डॉ अमित कुमार, डॉ महेन्द्र कुमार, डॉ अरुण कुमार सिंह,सत्यप्रकाश सिंह, मनोज कुमार सिंह, राकेश चौबे सूरज जायसवाल, दिग्विजय सिंह, कमलेश प्रसाद, विरेन्द्र प्रसाद,पप्पू कुमार सहित अन्य शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। विशेष रूप से एनसीसी, एनएसएस, रोवर्स और रेंजर्स के छात्र-छात्राओं ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा झंडा थामे ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ जैसे नारे लगाए। यात्रा स्टेशन बाजार के प्रमुख मार्गों से होते हुए मदनपुरा तक पहुंची, फिर वापस महाविद्यालय परिसर पहुच कर कार्यक्रम को समाप्त किया गया।



