जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के सब्बलपुर कला गांव में शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे एक अधेड की कमरे में संदिग्ध हालत में पंखे से लटकता हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच में जुटी है।
ग्रामीणों के अनुसार सब्बलपुर कला गांव निवासी श्याम सुन्दर बिन्द (55) ने अज्ञात कारणों से पंखे से लटक कर जान दे दी। लोगों ने बताया कि करीब दो दिन पूर्व मृतक को छोड़कर पूरा परिवार बालाजी दर्शन के लिए गया है। सुबह करीब 9 बजे मृतक श्याम सुन्दर बिन्द ने गाय व भैस को खुटा से बांधा और कमरे में चला गया। जब देर तक वही बाहर नहीं निकला तो आस पड़ोस के लोग उसे देखने के लिए घर पर पहुंचे। जहां वह पंखे से लटकता मिला। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर कोतवाली ले आई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक आशेष नाथ सिंह ने बताया कि सब्बलपुर कला गांव का रहने वाला श्याम सुन्दर बिन्द ने पंखे से लटक कर आत्म हत्या कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।



